अंबिकापुर। शहर में बेजुबान जानवरों के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में नाराजगी है। पंजाब गार्डन के पीछे छह मासूम पिल्लों को बेरहमी से मारकर बोरी में भरने का आरोप लगाया गया है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ बच्चे कथित तौर पर पिल्लों को बोरी में डालते दिखाई दे रहे हैं। मामले में बेजुबान डॉग शेल्टर ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
CCTV फुटेज में पिल्लों को बोरी में डालते दिखे बच्चे
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 13 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। पंजाब गार्डन के पीछे हुई इस घटना को लेकर सामने आए CCTV फुटेज में कुछ बच्चे पिल्लों को बोरी में भरते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान छह पिल्लों के साथ बेरहमी की गई। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और पिल्लों की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
डॉग शेल्टर ने गांधीनगर थाने में दी शिकायत
मामले की जानकारी मिलने के बाद बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करने, घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि बेजुबान जानवर भी दर्द और तकलीफ महसूस करते हैं। उनके साथ इस तरह का व्यवहार बेहद अमानवीय है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





