कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, कोरबा (एनटीपीसी) के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), कोरबा द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं हिंदी में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विद्यालय को प्रथम राजभाषा शील्ड पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 27 नवंबर 2026 को एनटीपीसी के प्रशासनिक भवन में आयोजित नराकास की द्वितीय छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदान किया गया। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक किशोर चंद्र पात्र ने यह सम्मान प्रदान किया। विद्यालय की ओर से प्राचार्य सुनील कुमार साहू एवं स्नातकोत्तर शिक्षक शिवकुमार साहू ने पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर कोरबा जिले में स्थापित लगभग 32 केंद्रीय कार्यालयों एवं संस्थानों के प्रमुखों तथा नराकास के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में विगत छह माह के दौरान विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन, हिंदी में किए गए शासकीय कार्यों, पत्राचार तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन को और अधिक गति प्रदान करने के लिए विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का संचालन नराकास सचिव श्री लखन सर ने किया।
उल्लेखनीय है कि राजभाषा विभाग, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्य करता है। देशभर में केंद्रीय कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा संबंधी संवैधानिक एवं सरकारी निर्देशों के अनुपालन तथा हिंदी में शासकीय कामकाज को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर स्तर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के माध्यम से विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों को हिंदी में कार्य करने, हिंदी में प्राप्त पत्रों का उत्तर हिंदी में देने, कार्यालयीन पत्राचार में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यशालाओं के आयोजन के लिए प्रेरित किया जाता है।
इसी क्रम में नराकास, कोरबा द्वारा विगत छह माह में हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के लिए यह दोहरी उपलब्धि रही कि विद्यालय को संस्थागत स्तर पर प्रथम राजभाषा शील्ड प्राप्त होने के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों ने भी साहित्यिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।
इस अवसर पर नराकास द्वारा प्रकाशित हिंदी साहित्यिक पत्रिका ‘हस्तदेव सुरभि’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया। इस पत्रिका के प्रकाशन में नराकास के सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने अपनी साहित्यिक सहभागिता प्रदान की। पत्रिका के माध्यम से स्थानीय साहित्यकारों एवं हिंदी प्रेमियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण मंच मिला है। इस साहित्यिक पहल के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के स्नातकोत्तर शिक्षक शिव कुमार साहू को श्रेष्ठ कविता लेखन के लिए सम्मानित किया गया, वहीं विद्यालय की संस्कृत शिक्षिका मीनाक्षी शर्मा को श्रेष्ठ निबंध लेखन के लिए पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के दो शिक्षकों की इस साहित्यिक उपलब्धि ने संस्थान की प्रतिष्ठा में और वृद्धि की है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सुनील कुमार साहू ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समस्त शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, राष्ट्रीय एकता और आत्मगौरव की अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक शैक्षणिक एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यालय परिवार भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ राजभाषा हिंदी के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करता रहेगा तथा प्रतिवर्ष इस प्रकार की उपलब्धियाँ अर्जित करेगा।
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, कोरबा का यह सम्मान विद्यालय के समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, हिंदी के प्रति समर्पण और राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन का परिणाम है। विद्यालय परिवार सदैव हिंदी के प्रचार-प्रसार, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग तथा साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
यह उपलब्धि न केवल केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के लिए, बल्कि संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के उत्तरोत्तर विकास, संवर्धन एवं प्रतिष्ठा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प व्यक्त किया है। हिंदी हमारी आन है, हिंदी हमारी शान है। हिंदी का सम्मान ही राष्ट्र का अभिमान है।





