स्पोर्ट्स डेस्क। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पूल-B के मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 20-1 से करारी शिकस्त दी। मुकाबला बुधवार को गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेला गया।
भारत की ओर से दीपिका ने 9 गोल किए। उनके सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए। नवनीत कौर ने 4 और रुतुजा पिसल ने 3 गोल किए। इसके अलावा नेहा, लालरेमसियामी, साक्षी राणा और कप्तान सलीमा टेटे ने भी भारत के लिए गोल दागे।
थाईलैंड की ओर से मैच का एकमात्र गोल चौथे क्वार्टर के आखिरी दौर में आया। सुपांसा सामांसो ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग-फ्लिक लगाया, जिस पर हल्का डिफ्लेक्शन हुआ और गेंद भारतीय गोल में चली गई।
लगातार तीसरी बड़ी जीत
थाईलैंड के खिलाफ जीत से पहले भारत ने एशियन गेम्स 2026 में उज्बेकिस्तान को 19-0 और इंडोनेशिया को 17-1 से हराया था। लगातार तीन जीत के साथ भारतीय टीम पूल-B की अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान के खिलाफ होगा।
1982 के बाद गोल्ड की तलाश
भारतीय महिला हॉकी टीम की नजर इस बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर है। भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। टीम ने आखिरी बार 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
इसके बाद भारत को फाइनल में वापसी के लिए 12 साल इंतजार करना पड़ा। 1998 के बैंकॉक एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई, लेकिन दक्षिण कोरिया से हारकर उसे रजत पदक मिला। इसके बाद भारत ने 2018 में रजत, जबकि 2006, 2014 और 2023 में कांस्य पदक जीता है।




