महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर 560 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि, महाराष्ट्र नंबर के वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नाकेबंदी करते हुए उस को रोका और वाहन की तलाशी ली।
कैरेट्स के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 560 किलो गांजा जब्त
तलाशी लेने पर कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में करीब 35 किलो गांजा रखा गया था। तस्करी में इस्तेमाल आइचर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से लाया जा रहा गांजा जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अजय रविन्द्र पवार और 25 वर्षीय स्वराज महाजन है। दोनों आरोपी जिला जलगांव महाराष्ट्र के रहने वाले है। पुलिस ने बताया कि, आरोपी ओडिशा के बरहमपुर क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।



