रायपुर। बेमौसम बारिश के कारण जिन किसानों का धान उपार्जन केंद्र तक नहीं पहुंच पाया और निर्धारित तारीख पर खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें दोबारा टोकन जारी करने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे किसानों को बारिश के कारण टोकन निरस्त होने की स्थिति में धान बेचने के लिए फिर से मौका मिल सकेगा।
धान नहीं ला पाए किसानों को मिलेगा दोबारा टोकन
मार्कफेड, एमडी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि जो किसान निर्धारित तिथि पर धान नहीं ला पाए उन्हें दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। किसानों को टोकन निरस्त होने, फसल कटाई में देरी या तकनीकी समस्या आने पर किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति अथवा जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। किसान ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप अथवा संबंधित सहकारी समिति के माध्यम से दोबारा टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
दो बार टोकन निरस्त हुआ, तो एक मौका होगा कम
बार-बार टोकन निरस्त कराने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। पहली बार टोकन निरस्त होने पर किसान को दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का अवसर मिलेगा, लेकिन दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा। नियमों के अनुसार, लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम दो और बड़े किसानों को तीन टोकन लेने की सीमा निर्धारित है। ऐसे में दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर किसानों के पास धान बेचने के अवसर कम हो जाएंगे।
तय तारीख पर धान लाना जरूरी
धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन में निर्धारित तारीख पर ही उपार्जन केंद्र पहुंचना होगा। तय समय पर धान नहीं लाने या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लाने की स्थिति में शेष धान की खरीदी और दोबारा टोकन को लेकर निर्धारित नियम लागू होंगे।





