CG NEWS: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 13 अक्टूबर यानी पिछले 41 दिनों से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी चार सूत्रीय मांगों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए आश्वस्त किया कि हड़ताल अवधि में पटवारियों पर की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया जाएगा। इसके साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति के मामलों पर तत्काल कमेटी बनाकर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बाद संघ ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल
CG NEWS: राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश महामंत्री सतीश चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास में हुई इस अहम चर्चा के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे। पटवारी संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी, मुरली मनोहर वर्मा, देव कश्यप और गुरु दीवान प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। गौरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर पटवारी संघ के सदस्य रायपुर के तूता धरना स्थल पर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे और संघ ने हड़ताल अवधि का वेतन देने का भी आग्रह किया है।
अटके राजस्व कार्यों में आएगी तेजी
CG NEWS: पटवारियों की 41 दिनों की लंबी हड़ताल के कारण प्रदेशभर में आम लोगों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व विभाग में जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी से जुड़े हजारों मामले लंबित हो गए थे। इसके अलावा विद्यार्थियों और नागरिकों के आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन नहीं बन पाने से लोग तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर थे। अब पटवारियों के काम पर लौटने से लंबित राजस्व मामलों का तेजी से निराकरण हो सकेगा।





