रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर के दौरे के बाद बुधवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सिंगापुर दौरे की सफलता पर खुशी जताई।
मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने SING फोरम 2026 में हिस्सा लिया और विभिन्न निवेशकों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा की।
43 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री के मुताबिक सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में करीब 43,600 करोड़ रुपए के FDI निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इनमें ऊर्जा, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, कृषि और वाइल्डलाइफ टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं सामने आई हैं। इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में नई औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार की उम्मीद है।
41,750 करोड़ का सबसे बड़ा निवेश
दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने छत्तीसगढ़ में करीब 41,750 करोड़ रुपए के निवेश की सहमति जताई है। कंपनी राज्य में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।
इस परियोजना को छत्तीसगढ़ की डिजिटल अधोसंरचना के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बड़े स्तर के डेटा सेंटर से प्रदेश में तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी लगाएगी 1,500 करोड़
ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने करीब 1,500 करोड़ रुपए के निवेश पर सहमति जताई है। कंपनी सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और इससे जुड़े कंपोनेंट्स के क्षेत्र में निवेश करेगी। इससे प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को विस्तार मिलने के साथ नई औद्योगिक संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।
कृषि उपज को मिलेगा वैश्विक बाजार का रास्ता
छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में भी सिंगापुर दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वैलेंसी इंटरनेशनल ने कृषि क्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपए के निवेश पर सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की कृषि उपज के लिए वैश्विक बाजार तैयार करने पर जोर रहेगा। इससे प्रदेश के किसानों और कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार के रास्ते खुल सकते हैं।
वाइल्डलाइफ टूरिज्म को भी मिलेगा नया विस्तार
दौरे के दौरान मंडाई वाइल्ड लाइफ ग्रुप के साथ भी निवेश को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार भविष्य में कंपनी के सहयोग से छत्तीसगढ़ की जंगल सफारी और वाइल्डलाइफ से जुड़ी गतिविधियों को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र, खासकर वन्यजीव पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
CM साय बोले- जल्द जमीन पर दिखेगा निवेश
रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर का दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। निवेशकों के साथ विस्तार से चर्चा हुई और छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने को लेकर सकारात्मक सहमति बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दौरे पर जाने से पहले जो उद्देश्य तय किया गया था, उसे लेकर गंभीरता से काम किया गया है। निवेशकों के साथ चर्चा के बाद अब आने वाले समय में इन परियोजनाओं को प्रदेश में जमीन पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर दौरे के दौरान “ठोक-बजाकर काम करके आए हैं” और जल्द ही छत्तीसगढ़ में इन निवेश प्रस्तावों का असर उद्योगों के रूप में दिखाई देगा।



