कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (एसईसीएल) के दीपका मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य में लगे एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। डंपर निजी कंपनी कलिंगा कमर्शियल का बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। करीब दो करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
इंजन से निकला धुआं, देखते ही देखते भड़की आग
जानकारी के अनुसार, डंपर खदान के भीतर खनन कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वाहन से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसईसीएल का सुरक्षा अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने प्रयास कर आग बुझाई, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डंपर में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
भारी वाहनों के रखरखाव पर उठे सवाल
घटना के बाद खदान क्षेत्र में संचालित भारी वाहनों के रखरखाव और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विशेष रूप से डंपरों में लगे अग्निशमन उपकरण और फायर सप्रेशन सिस्टम की स्थिति की जांच की आवश्यकता बताई जा रही है। घटना के दौरान डंपर से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।



