बस्तर जिले के दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,261.8 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम ने मध्यप्रदेश की गोवा ब्रांड शराब की 140 पेटी और 10 नग, कुल 7,010 बोतलें बरामद कीं। इसकी कीमत करीब 9.46 लाख रुपये आंकी गई है।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल अशोक लीलैंड पिकअप, एक अन्य वाहन और पैशन प्रो मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। शराब और वाहनों सहित कुल जब्ती की कीमत 20 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में सुनील सेठिया निवासी राजुर को फरार बताया गया है, जबकि प्रवीण बघेल (18) और दो विधि से संघर्षरत बालकों के नाम भी सामने आए हैं। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





