मुंगेली/लालपुर। राजस्व अभिलेखों में कूट रचना कर करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को निजी स्वामित्व में दर्ज कराने और उस पर शासन की ही समर्थन मूल्य योजना का अनुचित लाभ उठाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस प्रशासन की शुरुआती उदासीनता के बाद आखिरकार न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), लोरमी के कड़े रुख ने कानून के पहियों को गति दी है। न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के परिपालन में लालपुर पुलिस ने ग्राम मोहतरा कुर्मी निवासी स्वतंत्र कुमार कुलमित्र के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
राजस्व अभिलेखों में सेंधमारी का पूरा घटनाक्रम
मामला लालपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मोहतरा कुर्मी स्थित शासकीय घास मद की लगभग 6 एकड़ (2.4 हेक्टेयर) भूमि (पूर्व खसरा क्रमांक 272/1ड, वर्तमान खसरा क्रमांक 272/14) से जुड़ा है। परिवादी चन्द्रप्रकाश कश्यप द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और राजस्व जांच के अनुसार, वर्ष 2005-2006 के मध्य आरोपी ने तत्कालीन हल्का पटवारी के साथ दुरभिसंधि कर बिना किसी सक्षम न्यायालय या अधिकारी के वैधानिक आदेश के इस बेशकीमती सरकारी भूमि को अपने नाम पर दर्ज करा लिया था। इतना ही नहीं, भूमि के फर्जी स्वामित्व के आधार पर आरोपी ने एकीकृत किसान पोर्टल (आईडी क्रमांक 1294247) पर पंजीयन कराया और धान उपार्जन केंद्र तेलीयापुरान में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर शासन को दोहरी आर्थिक क्षति पहुंचाई।
प्रशासनिक जांच में पुष्टि, पर पुलिसिया कार्रवाई में विलंब
शिकायतकर्ता की पहल पर जब मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया, तो अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी के निर्देश पर नायब तहसीलदार व हल्का पटवारी द्वारा सूक्ष्म जांच की गई। जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट हुआ कि भूमि हस्तांतरण के समर्थन में कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। फलस्वरूप, एसडीएम लोरमी ने 27 जनवरी 2025 को ऐतिहासिक आदेश पारित करते हुए फर्जी इंद्राज को विलोपित कर भूमि को पुनः छत्तीसगढ़ शासन के नाम दर्ज कर दिया।
राजस्व न्यायालय से फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बावजूद आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के लिए शिकायतकर्ता को लंबी जद्दोजहद करनी पड़ी। नवंबर 2025 में थाना लालपुर और दिसंबर 2025 में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देने के बाद भी जब प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई, तब पीड़ित ने अधिवक्ता देवकुमार चौहान के माध्यम से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत लोरमी न्यायालय की शरण ली।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी देवेन्द्र कुमार दीक्षित ने प्रकरण से जुड़े राजस्व आदेशों, पटवारी प्रतिवेदन और किसान पोर्टल के साक्ष्यों का गहन अवलोकन किया। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया इसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 337(3) व 338 के तहत संज्ञेय अपराध मानते हुए 31 अक्टूबर 2026 को लालपुर थाना प्रभारी को तत्काल एफआईआर दर्ज कर अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया। इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को पुलिस ने अपराध क्रमांक 0190/2026 पंजीबद्ध किया है।
यह प्रकरण केवल एक व्यक्ति द्वारा सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे का उदाहरण नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर राजस्व अभिलेखों के संधारण में होने वाली प्रशासनिक शिथिलता को भी रेखांकित करता है। अब पुलिस विवेचना का केंद्रबिंदु यह रहेगा कि दो दशक पूर्व हुई इस कूट रचना में तत्कालीन राजस्व अमले की क्या भूमिका रही और धान विक्रय से अर्जित अवैध लाभ की वसूली किस प्रकार सुनिश्चित की जाएगी।
कोर्ट ने अपने आदेश में धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कूट रचना (जालसाजी) की गंभीर धाराओं (BNS की धारा 318(4), 336(3), 337(3), 338) का उल्लेख किया है, जबकि पुलिस ने एफआईआर के मुख्य कॉलम में फिलहाल धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना (जांच) शुरू कर दी है।





