मुंगेली। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मुंगेली द्वारा 22 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज परिसर, ग्राम जमकोर में सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित होगा।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों पर भर्ती की जाएगी। फील्ड ऑफिसर के 50 पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन के 30 पदों पर आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।
इसी तरह सेल्स ऑफिसर के 20 पदों के लिए बीएससी एग्रीकल्चर उत्तीर्ण, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 20 पदों के लिए 12वीं उत्तीर्ण तथा रिलेशनशिप मैनेजर के 20 पदों के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 140 पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।



