रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के.के. चंद्रवंशी के भिलाई स्थित निवास पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने दबिश दी। तड़के करीब दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंची ईडी की टीम में लगभग आठ अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। टीम ने घर के अंदर प्रवेश करने के बाद दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर जवानों की तैनाती भी की गई है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह-सुबह के.के. चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर पहुंची और जांच की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों द्वारा घर में मौजूद दस्तावेजों एवं अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ईडी की यह कार्रवाई किस मामले या प्रकरण से जुड़ी हुई है।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के आवास पर ईडी की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। कार्रवाई को लेकर फिलहाल ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिटायर्ड पटवारी कमलेश राजपूत के घर भी ED की जांच
इधर, भिलाई के सिकोल भांठा क्षेत्र में रिटायर्ड पटवारी कमलेश राजपूत के निवास पर भी प्रवर्तन निदेशालय की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों द्वारा घर के भीतर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान दुर्ग के बड़े बिल्डर्स से जुड़े कथित लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। कमलेश राजपूत वर्तमान में पटवारी संघ के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं, जबकि उनकी बेटी पटवारी के पद पर कार्यरत हैं।
फिलहाल दोनों स्थानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है। जांच किस प्रकरण से संबंधित है और कार्रवाई के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज या तथ्य सामने आए हैं, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। ईडी की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।



