रंजना/कोरबा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर उनके द्वारा गोद लिए गए ऐतिहासिक ग्राम ‘रंजना’ में आज एक गरिमामयी और भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी ने अपने समर्थकों, ग्राम के सरपंच और गणमान्य नागरिकों के साथ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में रजनीश तिवारी ने नन्हे-मुन्ने स्कूली बच्चों और उपस्थित ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वर्गीय राजीव गांधी जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके देशहित में किए गए कार्यों को याद किया।
“राजीव जी ने सुदूर ग्राम में बिताई थी रात, वे थे संचार क्रांति के जनक”
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी ने कहा कि, “राजीव गांधी जी देश के इकलौते ऐसे दूरदर्शी प्रधानमंत्री थे, जिन्हें भारत में कंप्यूटर और संचार क्रांति का जनक माना जाता है। आज हम जिस डिजिटल भारत में जी रहे हैं, उसकी नींव उन्होंने ही रखी थी।” श्री तिवारी ने पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए भी राजीव जी ने इस सुदूर अंचल के ग्राम ‘रंजन’ का दौरा किया था। उन्होंने न सिर्फ यहाँ ग्रामीणों के बीच एक रात बिताई, बल्कि इस गांव को गोद लेकर इसके विकास का मार्ग प्रशस्त किया था।
मिष्ठान वितरण और लिया गया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान एक बेहद आत्मीय नजारा देखने को मिला, जब स्कूली बच्चों ने भी उत्साह के साथ अपने प्रिय नेता को पुष्पांजलि अर्पित की। रजनीश तिवारी ने सभी स्कूली बच्चों को मिष्ठान (मिठाई) वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अंत में, उपस्थित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर ‘राजीव जी के सपनों का सशक्त, शिक्षित और आधुनिक भारत’ बनाने का संकल्प लिया। इस गरिमामयी आयोजन में सरपंच, वरिष्ठ नागरिक, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टांकेश्वर जायसवाल ‘ ग्राम पंचायत रंजना की सरपंच ममता मरकाम सूरज भाई चौहान रामकुमार पुरुषोत्तम प्रजापति हीरा दास हेमू जायसवाल दयाराम अनेकों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.



