एंटरटेनमेंट डेस्क। नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए 200 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म की सफलता को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसके सामने अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और मनोज बाजपेयी स्टारर ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी नई फिल्में रिलीज हो चुकी हैं।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ ने शुक्रवार, 11 सितंबर को 5,743 शो के जरिए 10.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 38 प्रतिशत रही। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 205.15 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 173.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
नई रिलीज फिल्मों पर भी भारी पड़ी ‘हनुमान अंश’
‘हनुमान अंश’ के मुकाबले हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार स्टारर ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। फिल्म ने शुक्रवार को 7,224 शो में महज 3 करोड़ रुपये की कमाई की और पहले दिन इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 11 प्रतिशत रही।
वहीं, मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत मिली। फिल्म ने शुक्रवार को लगभग 3 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
विदेशों में भी बढ़ रही फिल्म की पकड़
‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स के जरिए करीब 95 लाख रुपये की कमाई की है। फिल्म को 11 सितंबर को विदेशी बाजारों में भी रिलीज किया गया।
36वें दिन भी जारी रहा शानदार प्रदर्शन
‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के पहले दिन महज 10 लाख रुपये की कमाई की थी। शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म का कलेक्शन करीब 1.48 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा और सकारात्मक प्रतिक्रिया बढ़ने के साथ इसकी कमाई में भी तेजी आई।
रिलीज के 16वें दिन फिल्म के कलेक्शन में बड़ा उछाल देखने को मिला। इसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, चौथे सप्ताह में फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये, जबकि पांचवें सप्ताह में लगभग 90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
छठे सप्ताह में भी फिल्म की रफ्तार कम नहीं हुई। रिलीज के 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ का भारत में नेट कलेक्शन करीब 174 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई को देखते हुए आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और इजाफा होने की उम्मीद है।



