कुसमुण्डा। एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र में आवासों की मरम्मत नहीं होने और पेयजल की नियमित आपूर्ति सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक) ने मंगलवार को जन-आक्रोश दोपहिया वाहन रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल महंत (राजवीर) के नेतृत्व में निकली रैली में यूनियन के पदाधिकारियों, सदस्यों और आम लोगों समेत 300 से अधिक लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय महाप्रबंधक के नाम स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की गई।

इंटक के अनुसार कुसमुण्डा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से कई आवासों की मरम्मत नहीं हुई है। इसके अलावा प्रतिदिन पानी की आपूर्ति नहीं होने, गंदा पानी मिलने और केनाल से पानी सप्लाई किए जाने जैसी समस्याओं से कर्मचारी एवं उनके परिवार परेशान हैं। वहीं जेआरसी क्लब विकासनगर को खाली कराने के मुद्दे को लेकर भी यूनियन ने आपत्ति जताई है।
यूनियन ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर 27 जुलाई 2026 को क्षेत्रीय स्तरीय औद्योगिक संबंध वार्ता में इंटक और एसईसीएल सिविल प्रबंधन के बीच चर्चा हुई थी। बैठक में समस्याओं के निराकरण के लिए 15 दिन का समय तय किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर यूनियन ने आंदोलन का निर्णय लिया।
विकासनगर से निकली रैली
जन-आक्रोश रैली की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे इंटक कार्यालय बी/134 विकासनगर से हुई। दोपहिया वाहनों के साथ निकला यूनियन का काफिला विकासनगर, आदर्शनगर, नेहरूनगर, गेवराबस्ती, कबीर चौक, गायत्री चौक और अंबेडकर चौक से होते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचा। यहां रैली का समापन किया गया।

रैली के बाद महाप्रबंधक कार्यालय गेट के सामने इंटक नेताओं ने सभा को संबोधित किया। नेताओं ने एसईसीएल प्रबंधन और सिविल प्रबंधन पर कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। इसके बाद यूनियन पदाधिकारी और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कार्यालय पहुंचे और क्षेत्रीय महाप्रबंधक के नाम स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) को ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में इंटक कुसमुण्डा क्षेत्र के महासचिव राजूलाल सोनी, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत सिंह (हैप्पी), क्षेत्रीय कल्याण समिति सदस्य नवल किशोर सिंह, नरेश प्रसाद साहू, खान सुरक्षा समिति सदस्य महेंद्र पाल यादव, आवास समिति सदस्य भूपेंद्र कुमार मेहर, शैलेंद्र सिंह, कुसमुण्डा परियोजना अध्यक्ष उवैश अहमद, सचिव मंतोष कुमार, पिट सेफ्टी कमेटी सदस्य निर्मल कुमार चंद्रा, कैंटीन कमेटी सदस्य लवकेश सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी, सदस्य और मातृशक्ति मौजूद रहीं।
इंटक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों और उनके परिवारों से जुड़ी इन मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।





