मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 13 नवंबर को ग्राम कंतेली स्थित मिनी स्टेडियम में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रवेश मार्ग, ड्रॉप गेट, पार्किंग स्थल एवं स्टॉप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुचारू और व्यवस्थित बना रहे।

पुलिस द्वारा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार मुंगेली की ओर से आने वाले आम नागरिकों के वाहनों के लिए पी-4 हाईस्कूल मैदान कंतेली में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं लोरमी की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पी-3 मिडिल स्कूल पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा डिंडोरी मार्ग की ओर से आने वाले नागरिकों के वाहनों की पार्किंग ग्राम हरदीडीह के पास सुनिश्चित की गई है।
इसी तरह वीआईपी एवं वीवीआईपी अतिथियों के आगमन के लिए पृथक प्रवेश मार्ग की व्यवस्था की गई है। हेलिपैड के समीप पी-1 तथा दैहान कंतेली में पी-2 पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए अलग-अलग ड्रॉप गेट एवं प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं। साथ ही यातायात को नियंत्रित एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्टॉप प्वाइंट भी निर्धारित किए गए हैं।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट चार्ट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। साथ ही यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।





