अंबिकापुर। शहर के पटपरिया में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंतरा शाह (19) की फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित एनएसयूआइ नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मुक्तिपारा अंबिकापुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 108 के तहत कार्रवाई की है।
मृतका अपने जीजा के घर रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई करती थी। शनिवार की रात उसने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने एनएसयूआइ नेता ज्ञान तिवारी पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। जीजा नीलेश कुमार गुप्ता ने बताया था कि मृतका की सहेलियों से जानकारी मिली है कि छात्र नेता ने मोबाइल में कुछ चैट या वीडियो होने की बात कहकर उसे धमकाया था।
गांधीनगर थाना पुलिस ने मृतका और आरोपित दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों ओर से चैट डिलीट किया जा चुका था। पुलिस अब डिलीट चैट को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि स्वजन के बयान और प्रारंभिक साक्ष्य के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी है।



