मुंगेली। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री साव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
साव ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की लगातार समीक्षा करने तथा नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और विकास कार्यों की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।




