कोरबा। रजगामार क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लापता सात वर्षीय भव्या जोशी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्ची का शव उसके परिवार के रहने की जगह करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चार महीने पहले आया था परिवार
जानकारी के अनुसार जिला सक्ती के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आए थे। वे करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
राशन दुकान से नहीं लौटी थी भव्या
19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रकाश ने अपनी बेटी भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू सामान लेने भेजा था। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने रजगामार पुलिस चौकी में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
अब पोल्ट्री फार्म के पीछे शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौत की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



