कोरबा। हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो तआला अलैहि वसल्लम की 1501वीं विलादत के अवसर पर कोरबा में जश्न-ए-विलादत का सिलसिला जारी है। मरकजी सीरत कमेटी कोरबा की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में 24 अगस्त को बाइक और कार रैली निकाली गई। झमाझम बारिश के बावजूद रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सैकड़ों कारों व बाइक का काफिला शहर की सड़कों पर नजर आया।
रैली का शुभारंभ गौ माता चौक से हुआ। यहां से काफिला कोरबा पुराना बस स्टैंड, पावर हाउस रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, सीएसईबी और सुभाष चौक होते हुए एसईसीएल मार्ग से मुड़ापार पहुंचा। मुड़ापार स्थित मस्जिद-ए-गौसिया में पदाधिकारियों ने रैली में शामिल मेहमान-ए-खुसूसी का गुलपोशी कर इस्तकबाल किया। इसके बाद रैली का समापन हुआ।
रैली का समय शाम 3 बजे निर्धारित था, लेकिन तेज बारिश के कारण इसे कुछ देर से शुरू किया गया। इसके बावजूद बारिश के बीच लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में आशिक-ए-रसूल रैली में शामिल हुए और कार-बाइक के काफिले के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
पुलिस और वालंटियरों ने संभाली व्यवस्था
रैली के दौरान यातायात और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए बड़ी संख्या में वालंटियर तैनात किए गए थे। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। सीएसपी, टीआई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पूरे रूट पर तैनात रहा। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था और वालंटियरों के सहयोग से रैली शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
मरकजी सीरत कमेटी के सदर मिर्जा आसिफ बेग, सचिव मोहसिन मेमन सहित कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं मो. आरिफ खान, मो. रफीक मेमन, नौशाद खान, बरकत खान, मेहबूब खान और फारुख मेमन की सरपरस्ती में रैली संपन्न हुई।
इससे पहले 2 अगस्त को बच्चों के लिए अजीमुश्शान जलसे का आयोजन भी किया गया था। कमेटी की ओर से विलादत के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।



