जांजगीर-चांपा। बलौदा विकासखंड अंतर्गत संजय नगर परसदा स्थित नवीन प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक ललित भारद्वाज के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल में मौजूद रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वायरल वीडियो में शिक्षक के नशे की हालत में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिक्षक ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं तो यह गंभीर मामला है। इससे स्कूल के अनुशासन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही स्कूल में नियमित रूप से शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई है।
सोमवार को होगी कार्रवाई की प्रक्रिया
मामले को लेकर बलौदा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी आरके गौतम ने बताया कि घटनाक्रम से संबंधित वीडियो विभाग को प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि शनिवार को स्कूल की सुबह की शिफ्ट थी। इसके बाद रविवार को अवकाश होने के कारण संबंधित शिक्षक को नोटिस जारी करने अथवा जांच टीम गठित करने की प्रक्रिया नहीं हो सकी।
बीईओ आरके गौतम के अनुसार, सोमवार को उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। विभाग द्वारा वीडियो और घटनाक्रम की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि शिक्षा विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच पूरी करेगा और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्कूल में बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन प्रभावित न हो।



