रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव से मौसम में एक बार फिर बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज बस्तर संभाग के पांच जिलों—बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रायपुर और दुर्ग समेत प्रदेश के 15 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
4 नवंबर को भी जारी रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर को भी बस्तर संभाग के छह जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कई इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



