पांच बच्चे घायल, जिनमें एक बच्ची की हालत गंभीर
बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है जिसमे पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के बाहर कार चलाना सीख रही एक महिला की गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना दिल्ली-एनसीआर के पास ग्रेटर नोएडा की है।
जानकारी के अनुसार, सोसायटी के कुछ बच्चे सुबह स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। वे सोसायटी गेट के बाहर खड़े थे, तभी एक महिला कार लेकर वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, महिला अभी ड्राइविंग सीख रही थी और उसे वाहन चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था।
अचानक कार पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी बच्चों की ओर बढ़ गई। टक्कर लगने से बच्चे सड़क पर गिर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों की मदद की और घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस महिला चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में कार पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है।


