छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 29 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है।
इधर, बिलासपुर के कोटा इलाके में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव इसकी चपेट में आ गए। वहीं, मानपुर में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन मौतों से दोनों गांवों में मातम पसरा है।
तापमान की बात करें तो रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9°C दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2°C रिकॉर्ड हुआ।



