कोरबा। कोरबा जिले में 7 अक्टूबर को घंटाघर चौक पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का अनूठा संदेश देखने को मिला। इस अभियान के अंतर्गत सैकड़ों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने मिलकर विकसित भारत 2047 थीम पर केंद्रित एक विशाल मानव श्रृंखला बनाई।
इस कार्यक्रम के दौरान युवाओं में गजब का उत्साह नजर आया। सभी ने एक सुर में देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। इस भव्य आयोजन ने पूरे शहर में देशभक्ति का अलख जगा दिया।
कोरबा के घंटाघर चौक पर उमड़ा युवाओं का जनसैलाब
विशाल मानव श्रृंखला में सम्मिलित अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं, माय भारत युवा कार्यक्रम के युवा वालेंटियर्स ने एक दूसरे का हाथ थामकर कर देशभक्ति के नारे बुलंद कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में ये लोग हुए शमिल
विशाल मानव श्रृंखला निर्माण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, ओएसडी तरुण कुमार किरण आईएएस, संयुक्त कलेक्टर टीआर भारद्वाज, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांग, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर, आरटीओ अतुल कुमार असैय्या,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, प्राचार्यगण, सहायक प्राध्यापकगण, व्याख्यातागण, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवाजन एवं माय भारत युवा कार्यक्रम के वालेंटियर्स उपस्थित थे।



