कोरबा। दीपका स्थित गौरव पथ की जर्जर हालत, बढ़ते अतिक्रमण और अनियंत्रित यातायात की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। आम नागरिकों और राहगीरों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), दीपका को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समाधान की मांग की है।
तनवीर अहमद ने बताया कि एसईसीएल (SECL) द्वारा गौरव पथ पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के कारण ठेकेदार ने सड़क की एक लेन को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस वजह से कोयला परिवहन में लगे भारी औद्योगिक वाहनों और आम जनता को एक ही लेन से होकर गुजरना पड़ रहा है।

एक ही लेन पर कोयला लोड गाड़ियों, दोपहिया वाहनों, पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों का भारी दबाव रहने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें:
-
भारी वाहनों पर रोक: ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक गौरव पथ पर भारी कोयला गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए और उनके लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए।
-
सड़क की तत्काल मरम्मत: जर्जर हो चुकी सड़क के गड्ढों को तुरंत भरा जाए, ताकि हादसों पर लगाम लग सके।
तनवीर अहमद ने इस मामले को जनहित से जुड़ा बेहद संवेदनशील मुद्दा बताते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा, तहसीलदार दीपका और एसईसीएल के गेवरा व दीपका क्षेत्र के उच्च अधिकारियों को भी भेजी है।



