सक्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी सिलसिले में जिला भाजपा सक्ती द्वारा बुधवार, 12 नवंबर को जिला मुख्यालय में एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं लैलूंगा के पूर्व विधायक सत्यानंद राठिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक नाम नहीं, बल्कि संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ‘उलगुलान’ (महाक्रांति) का नेतृत्व किया था और मात्र 25 वर्ष की अल्प आयु में 9 जून 1900 को अपना बलिदान दिया। उनके संघर्ष के परिणामस्वरूप ही वर्ष 1908 में ‘छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम’ बना, जिससे जनजातीय जमीनों की रक्षा संभव हो सकी।
मोदी सरकार में जनजातीय समाज को मिला ऐतिहासिक सम्मान
पूर्व विधायक राठिया ने कहा कि आजादी की लड़ाई में तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, शहीद वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे हजारों जनजातीय वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया था, लेकिन दुर्भाग्य से दशकों तक उन्हें इतिहास में वह उचित स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। वर्ष 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं, वहीं छत्तीसगढ़ में श्री विष्णु देव साय और ओडिशा में श्री मोहन चरण माझी जैसे जनजातीय चेहरे मुख्यमंत्री के रूप में राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं।
राठिया ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये (231% की वृद्धि) हो गया है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से देश के दूर-दराज के जनजातीय गांवों तक विकास की रोशनी पहुंच रही है।
सक्ती जिले में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
जिला भाजपा सक्ती द्वारा जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत निम्नलिखित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है:
14 नवंबर: जनजातीय स्मारकों व मूर्तियों की साफ-सफाई और दीपोत्सव। 15 नवंबर: जिला स्तर पर प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि तथा प्रत्येक मंडल में चित्र पर माल्यार्पण। 16 से 18 नवंबर: विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम। पार्टी कार्यकर्ता जनजातीय छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके अलावा पूरे सप्ताह स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा पद्म सम्मानित विभूतियों व समाजसेवियों का अभिनंदन किया जाएगा।
विपक्ष के भ्रम से सावधान रहने की अपील
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री राठिया ने कहा कि विपक्ष ने दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। 55 वर्षों तक शासन करने के बावजूद उन्होंने न तो कभी गौरव दिवस घोषित किया और न ही कोई अलग मंत्रालय बनाया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में ‘संविधान बदलेंगे और आरक्षण खत्म होगा’ जैसा सफेद झूठ फैलाया गया, जबकि एसटी आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने जनता से विपक्ष के ऐसे भ्रामक प्रचारों से सावधान रहने की अपील की।
अंत में उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का एक भव्य एवं विशाल आयोजन होने जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला प्रभारी भोजराम साहू, मोर्चा अध्यक्ष राजा धर्मेंद्र सिंह, जिला मंत्री अरुण शर्मा, मोर्चा महामंत्री विजेंद्र सिदार, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव, नगर मंडल सहप्रभारी ओम प्रकाश देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





