रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दिल्ली में कई कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान लग्जरी कैटरिंग व्यवसायी राहुल मक्कर और रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर तथा उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई। जांच एजेंसी को आशंका है कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन कारोबारी नेटवर्क तक पहुंचाए गए और बाद में उन्हें दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में लगाया गया।
ED की जांच अब केवल सट्टा संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि कथित अवैध कमाई के लेन-देन, निवेश और उससे जुड़े कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ग्रोवर पिता-पुत्र से जुड़ी नौ कंपनियां भी जांच के दायरे में हैं।
जोरबाग से खान मार्केट तक कई ठिकानों पर तलाशी
गुरुवार को हुई कार्रवाई में ED की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो आवासीय परिसरों की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय में भी जांच की गई। राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मिले वित्तीय दस्तावेजों, कंपनियों के रिकॉर्ड और संपत्तियों से संबंधित कागजात की जांच की जा रही है। एजेंसी इन दस्तावेजों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित सट्टे की रकम किन कंपनियों और व्यक्तियों के माध्यम से आगे भेजी गई।
सौरभ चंद्राकर की दुबई शादी में कैटरिंग कर चुके हैं राहुल मक्कर
जांच के केंद्र में आए राहुल मक्कर दिल्ली की एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के संस्थापक हैं। उनकी कंपनी भारत के अलावा दुबई और बाली में भी सेवाएं देती है। ED के मुताबिक, वर्ष 2023 में UAE में महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी इसी कंपनी ने संभाली थी। एजेंसी अब राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी तथा वित्तीय संबंधों की जांच कर रही है। छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और कथित सट्टा कमाई के वित्तीय प्रबंधन से जुड़ा अहम व्यक्ति बताया जाता है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि इन संबंधों के जरिए अवैध कमाई को अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों में निवेश तो नहीं किया गया।
दुबई के रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़ा ग्रोवर परिवार
ED शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर के कारोबारी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। दोनों दुबई स्थित एम्पायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज LLC से जुड़े हैं। शेली ग्रोवर इस कंपनी के संस्थापक और CEO बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, शेली का दुबई के प्रॉपर्टी कारोबार में एक दशक से अधिक का अनुभव है। भारत में भी उनका रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की नौ कंपनियों में डायरेक्टर के रूप में जुड़ाव बताया गया है। वहीं, उनके बेटे माधव ग्रोवर दुबई में रियल एस्टेट एजेंट, डायरेक्टर और पोर्टफोलियो मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। उनका काम आवासीय, व्यावसायिक और निर्माणाधीन संपत्तियों में निवेश से जुड़ा है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के बाद कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर यह छापेमारी की गई है। ED को संदेह है कि महादेव ऑनलाइन सट्टे से हासिल रकम का कुछ हिस्सा कारोबारी नेटवर्क के माध्यम से दुबई के प्रॉपर्टी प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में लगाया गया हो सकता है।





