कोरबा शहर के डिंगापुर क्षेत्र में संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिव्यांग छात्र अधीक्षक की स्कूटी धोते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद विद्यालय की अधीक्षक मीना सोनी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उमंग विशेष विद्यालय से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी धोता दिख रहा है, वहीं दूसरे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो बच्चे स्कूटी की सफाई करते नजर आ रहे हैं। आरोप है की छात्रों से लगभग रोजाना अपने निजी दुपहिया वाहन की धुलाई और सफाई कराई जाती है। उमंग विशेष विद्यालय सह छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग छात्र अध्ययनरत और निवासरत हैं, जो पूरी तरह से संस्था पर निर्भर हैं।
उमंग विशेष विद्यालय सह छात्रावास का संचालन समाज कल्याण विभाग, कोरबा द्वारा किया जाता है। ऐसे में शासकीय संस्था में दिव्यांग बच्चों से निजी काम कराए जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। दिव्यांग बच्चों के अधिकारों और उनकी गरिमा से जुड़ा यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है।





