कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में लिए गए संबंधित निर्णयों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निर्णय-प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की आवश्यकता बताई।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
विरोध मार्च के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान के संयुक्त नेतृत्व में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा गया। कलेक्टर की ओर से संयुक्त कलेक्टर अभिषेक राठौर ने ज्ञापन प्राप्त किया।
ज्ञापन में एसआईआर (SIR) एवं मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी एवं डेटा व्यवस्था की जांच, आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए संबंधित निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई।
पुतला दहन कर जताया विरोध
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में किसी पद से बड़ा संविधान और जनता का मताधिकार है तथा निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने कहा कि कांग्रेस संविधान, मताधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था की रक्षा के लिए अपनी लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी।
रैली में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर और ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त भागीदारी से आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उक्त जानकारी कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल ने दी।





