वी. पी. तिवारी. एमसीबी। चिरमिरी हल्दीबाड़ी के घड़ी चौक से करीबन 50मीटर की दूरी कालीबाड़ी क्षेत्र में अंग्रेजी शराब दुकान के सामने जमीन धंसने और जहरीली गैस के रिसाव की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी सवाल उठाया है कि संभावित भू-धंसाव वाले क्षेत्र में आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दो वर्ष पहले भी हल्दीबाड़ी के उसी क्षेत्र में जमीन धंसने की घटना सामने आई थी। उस समय प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया गया था और लोगों को सामुदायिक भवन और शिशु मंदिर स्कूल में रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ा था। ऐसी स्थिति सामने आने के बावजूद अब उसी क्षेत्र में दोबारा लोगों के रहने और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में देशी और विदेशी शराब दुकानें संचालित हो रही हैं तथा इनके आसपास चखना दुकानें भी खुल गई हैं। ऐसे में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। यदि इसी दौरान अचानक जमीन धंसने, जहरीली गैस निकलने या किसी अन्य खतरनाक घटना की स्थिति बनती है, तो बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि अभी भी प्रशासन ध्यान नहीं दिया तो शायद बड़ी घटना घट सकती है। वर्तमान में संचालित शराब दुकानों और आसपास की अन्य दुकानों के लिए स्थल की सुरक्षा को दरकिनार कर दिया गया है।
बता दें कि वहीं भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र की सीमा निर्धारित कर लोगों को वहां रहने या व्यवसाय करने से रोकने के लिए भी कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है और यदि पूर्व की घटना की जानकारी संबंधित विभागों को थी, तो उसी क्षेत्र में दोबारा इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियां कैसे शुरू हो गईं यह भी सोचने वाली बात है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी सर्वेक्षण और गैस की जांच कराए। साथ ही पिछले वर्ष हुए भू-धंसाव की घटना के रिकॉर्ड की समीक्षा कर यह भी स्पष्ट किया जाए कि उस समय क्षेत्र को खाली क्यों कराया गया था और वर्तमान में उसी क्षेत्र में लोगों को रहने तथा व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति किस सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर दी गई।
इस क्षेत्र में पहले भी जमीन धंस चुकी है, लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजना पड़ा था और अब दोबारा जमीन धंसने के साथ गैस रिसाव की घटना सामने आई है, ऐसे में लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।



