जिले में प्रदीप सिंह को मिली भाजपा सोशल मीडिया जिला संयोजक की जिम्मेदारी
पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह
कोरबा।
भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा में संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई है। जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा पर भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी, आईटी सेल तथा सोशल मीडिया संयोजक/सह संयोजक एवं सह संवाद प्रमुख के पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस क्रम में जिले के सक्रिय और कर्मठ युवा कार्यकर्ता प्रदीप सिंह को सोशल मीडिया जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।

प्रदीप सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने वाले प्रदीप सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी इसी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
नवनियुक्त सोशल मीडिया जिला संयोजक प्रदीप सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क का एक सशक्त माध्यम बन चुका है और इसके जरिए सरकार की योजनाओं एवं संगठन की गतिविधियों को आमजन तक तेज़ी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे जिले के सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भाजपा की विचारधारा को और अधिक मजबूती से प्रस्तुत करेंगे।
प्रदीप सिंह ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि पार्टी की नीतियों को सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाए तथा युवा वर्ग को अधिक से अधिक जोड़ा जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के मार्गदर्शन में वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
इस नियुक्ति पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदीप सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनकी सक्रियता और ऊर्जा से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
भाजपा संगठन द्वारा की गई यह नियुक्ति आगामी समय में पार्टी के जनसंपर्क और संगठनात्मक विस्तार को नई गति देने में सहायक साबित होगी।

