राजनांदगांव। जिले के जरूरतमंद वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों को जीवन को आसान बनाने वाले सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 21 से 24 सितंबर तक चार दिवसीय मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना (आरवीवाई) एवं एडीआईपी योजना के तहत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में विशेषज्ञ तकनीकी दल द्वारा हितग्राहियों का परीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा और पात्रता के अनुसार उन्हें नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। 21 सितंबर को सामुदायिक भवन छुरिया, 22 सितंबर को गांधी सभागृह राजनांदगांव, 23 सितंबर को मंडी परिसर डोंगरगढ़ और 24 सितंबर को बहुउद्देशीय भवन मोहड़ में हितग्राहियों का मूल्यांकन किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वैशाली मरड़वार ने बताया कि एलिम्को की तकनीकी टीम द्वारा शिविर में वरिष्ठजनों एवं दिव्यांगजनों की शारीरिक आवश्यकता के अनुसार परीक्षण किया जाएगा। मूल्यांकन के बाद पात्र पाए जाने वाले हितग्राहियों को उनकी जरूरत के मुताबिक विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
वरिष्ठजनों को मिलेंगे कई उपयोगी उपकरण
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठजनों को व्हीलचेयर, व्हीलचेयर कमोड, स्टूल विद कमोड, एडजस्टेबल वॉकिंग स्टिक, बैसाखी, टेट्रापॉड, फोल्डिंग वॉकर, सर्वाइकल कॉलर, श्रवण यंत्र, स्पाइनल सपोर्ट, फुट केयर किट, घुटना ब्रेस, पॉलिमर जेल, एलएस बेल्ट, फोल्डिंग वॉकर और चश्मे सहित अन्य जीवन सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
दिव्यांगजनों को भी जरूरत के अनुसार उपकरण
दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कोहनी बैसाखी, विभिन्न आकार की बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, ब्रेल केन, दृष्टिबाधितों के लिए फोल्डिंग केन, ब्रेल किट, रोलटर, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर, लेप्रोसी शूज, मोबाइल फोन, सुगम्य केन, टीएलएम किट, कैलिपर्स और जॉयस्टिक व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
नि:शुल्क सहायक उपकरण के लिए वरिष्ठजनों को प्रतिमाह 14,500 रुपए से कम आय का प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
इसी प्रकार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, प्रतिमाह 14,500 रुपए से कम आय का प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगता प्रदर्शित करती पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
तीन साल में उपकरण नहीं मिला तो मिलेगा लाभ
समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में जिन हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान नहीं किए गए हैं, ऐसे नवीन पात्र वरिष्ठजनों एवं दिव्यांगजनों का मूल्यांकन कर उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले पात्र हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करने के लिए पांच वर्ष की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
विभाग ने जिले के पात्र वरिष्ठजनों एवं दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर मूल्यांकन शिविर में शामिल हों। विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद हितग्राहियों को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना है।



