कोरबा।
जिले में चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला शहर के रेलवे स्टेशन के सामने का है, जहां मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलीडुग्गू निवासी लाल यादव का मोहल्ले के ही घासी महंत के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि लाल यादव ने घासी महंत पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घासी महंत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच मामूली विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। हालांकि, चाकूबाजी के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


